छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रविवार शाम कन्हर नदी पर बने एनीकट में महिला गिर गई। गनीमत रही मौके पर मौजूद दो युवकों ने उसे सुरक्षित निकाल लिया। महिला उफनती नदी को पार कर झारखंड जा रही थी तभी उसका पैर फिसल गया।
वहीं छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ. यहां एनीकट के ऊपर से जा रही महिला का पैर फिसला और वो गहरे पानी में गिर गई. तभी फौरन आस-पास मौजूद लोगों ने महिला को रस्सी के सहारे बाहर निकाला और उसकी जान बचाई. कनहर नदी के बाढ़ में बहने से महिला बच गई. छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर बहने वाली कनहर नदी पर बने एनीकट को पार करते समय यह हादसा हुआ. बता दें कि इलाके में हो रही झमाझम बारिश से कनहर नदी पर बने एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था. इसके बाद भी लोग एनीकट को पार कर खुद हादसे को न्योता दे रहे हैं. यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं.
छत्तीसगढ़ में बारिश का कोई नया सिस्टम नहीं बनने से पानी गिरने के आसार नहीं है। हालांकि कुछ जिलों में आज हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। वहीं सरगुजा संभाग में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
प्रदेश में अब तक 796.3 मिली मीटर पानी बरस चुका है जो औसत से 12 प्रतिशत अधिक है। 13 जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई है। दो जिले ऐसे हैं जहां अति भारी बारिश हुई है। इनमें पहला बीजापुर है जहां 1704.5 मिमी पानी बरसा है जो सामान्य से 99% अधिक है। वहीं बलरामपुर में 991.8 मिलीमीटर बारिश हुई है जो औसत से 68% अधिक है।
रायपुर में ऐसा रहा मौसम
रायपुर में सुबह से धूप निकली है। बारिश थमने से दिन का तापमान बढ़ने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब आधा डिग्री ज्यादा है। आज भी मौसम साफ रहेगा। दिन का तापमान 32 डिग्री तक चढ़ने की संभावना है।
प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा तक सीमित है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तेज बारिश के हालात नहीं है। इसलिए रविवार को राजधानी में तेज धूप खिली। सुबह हवा में नमी 87 फीसदी थी। यह शाम को घटकर 77 प्रतिशत पहुंच गई। थोड़े बादल रहे।
दिन के तापमान में हुई बढ़ोतरी
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सुकमा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा । बिलासपुर और अंबिकापुर में 30 डिग्री, जगदलपुर में 32 डिग्री, दुर्ग में 31.6 डिग्री और राजनांदगांव में 30 डिग्री टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया
।

