छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के खरसिया वन परिक्षेत्र में 14 हाथियों का दल एक रात पहले देवगाव के करीब पहुंच गया। सुबह हाथी का दल जब गांव से गुजर रहा था, तो लोगों ने उसका मोबाईल से विडियों भी बनाया। वहीं बीती रात यही हाथी का दल जंगल से निकलकर छोटे पंडरमुड़ा गांव पहुंच गया। इसके बाद उन्होंने खेतों में जमकर नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि छोटे पंडरमुड़ा के रहने वाले ललित राठिया, रामेश्वर राठिया, श्याम लाल की फसलों को रौंदा और वापस जंगल की ओर चले गए।
गांव के पुल कर जंगल की ओर जाता हाथी दल
दल में शावक भी मौजूद
विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि यह दल पहले भी आ चुका है और इसमें 3 नर, मादा 05 और 06 शावक मौजूद हैं। हाथियों के इस दल को सुबह पहाड़ पर भी चढ़ते ग्रामीणों ने देखा। गांव के करीब हाथियों की मौजूदगी को देख ग्रामीणों में डर भी निर्मित हो गया है।
यहां भी किया फसल नुकसान
धरमजयगढ़ वन मंडल के बरतापाली में भी बीती रात हाथियों ने फसल नुकसान किया है। जिसमें गेंदसिंह राठिया, मुरली राठिया, गोवर्धन राठिया, जगबंधु राठिया, नान सिंह के खेत में हाथी घुस गए थे। इसके अलावा बायसी में सात व जमाबीरा सोखामुड़ा में दो किसानों का फसल बर्बाद किया है।
गांव में मुनादी कराया गया
खरसिया रेंजर गोकुल प्रसाद यादव ने बताया कि हाथियों पर लगातार मानिटरिंग की जा रही है। बोतल्दा, पंडरमुड़ा, देवगांव के जंगल में हाथी विचरण कर रहे हैं। आसपास के प्रभावित गांव में मुनादी करा दी गई है और ग्रामीणों को अकेले जंगल से जाने मना किया जा रहा है।
