रायगढ में मंगलवार को कार व साइकिल से तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोपहर करीब 1 बजे से नगर निगम कार्यालय से कार तिरंगा यात्रा शुरू हुई। यात्रा नगर निगम कार्यालय से निकलकर ओवर ब्रिज होते हुए कबीर चौक और उसके बाद छातामुड़ा चौक पहुंची। छातामुड़ा चौक से काशीराम चौक, वापस कबीर चौक, मिनीमाता चौक होते हुए शनि मंदिर, शहीद चौक गोपी टॉकीज अग्रसेन चौक होते हुए वापस निगम कार्यालय पर समाप्त हुई।
इसी तरह शाम 4 बजे से रायगढ़ स्टेडियम से साइकिल से तिरंगा यात्रा शुरू हुई। स्टेडियम से निकलकर मुख्य मार्ग होते हुए चक्रधर नगर चौक, सिग्नल चौक, मरीन ड्राइव पंजरीप्लांट होते हुए मिनी स्टेडियम पहुंची। यहां सभी ने गर्व से तिरंगा झंडा फहराने और उसका सम्मान करने का संकल्प लिया। कार एवं साइकिल तिरंगा यात्रा के दौरान सड़कों पर भारत माता की जय, वंदे मातरम, जय हिंद के नारे लगाए गए।
लोगों ने यात्रा के दौरान सेल्फी भी ली। कार तिरंगा यात्रा में महापौर जानकी काटजू, एमआईसी सदस्य शेख सलीम निआरिया, पार्षद सीनू राव, पार्षद प्रतिनिधि शाखा यादव सहित निगम के अंतर्गत कार्य करने वाले ठेकेदार अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इसी तरह साइकिल तिरंगा यात्रा की अगुवाई पार्षद पंकज कंकरवाल ने की। साइकिल पर सवार होकर पंकज कंकरवाल, चक्रधर नगर शाला विकास समिति के अध्यक्ष सतीश पांडेय, उपायुक्त सुतीक्षण यादव एवं 120 से ज्यादा छात्र-छात्राएं, अधिकारी कर्मचारी मुख्य मार्ग, मरीन ड्राइव होते हुए मिनी स्टेडियम तक पहुंचे।
आज की शाम तिरंगे के नाम कार्यक्रम होगा आज पंजरी प्लांट आडिटोरियम में 14 अगस्त की शाम 5 बजे से आज की शाम तिरंगे के नाम कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में रॉक स्टार गीतकार विजय सिंह देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। निगम प्रशासन ने शहर वासियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंच कर कार्यक्रम का आनंद लेने
की अपील की है।
