छत्तीसगढ़ में दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और सदस्य अनिश्चित-कालीन हड़ताल पर चले गए हैं। रायपुर में हड़ताल से रायगढ़ जिले में भी असर देखने को मिल रहा है। रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल में काम करने वाले दैनिक वेतन कर्मचारियों के काम पर नहीं जाने से कार्यालय के कई काम प्रभावित हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि, इनकी मुख्य 9 सूत्रीय मांग है। लंबे समय से इनकी मांग पूरी नहीं हो सकी है। पिछले दिनों रायगढ़ में भी रैली निकालकर अल्टीमेटम दिया गया था। अब वन मंडल के कार्यालयों में सन्नाटा भी पसरा हुआ है।
जिले में 250 से अधिक कर्मचारी
बताया जा रहा है कि जिले में रायगढ़ और धरमजयगढ़ दो वन मंडल है। ऐसे में जिले भर में करीब 255 दैनिक वेतन वन कर्मचारी काम कर रहे है। रायगढ़ में ही 153 दैनिक वेतन कर्मचारी है। अब कोई भी कार्यालय काम पर नहीं जा रहा है।
कई काम हो रहे प्रभावित
वन मंडल के तेंदूपत्ता गोदाम का काम, ऑफिस के कई काम, कम्प्यूटर ऑपरेटर, चालक और कार्यालय सहायक के कई काम प्रभावित हो चुके हैं। यही नहीं बैरियर में रहने वाले चौकीदार का काम और नर्सरी का काम भी हड़ताल के कारण नहीं हो पा रहा है।
मुख्य मांग नियमितीकरण
दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारी संघ रायगढ़ जिलाध्यक्ष शंकर शरण जायसवाल ने बताया कि, उनकी मुख्य मांग है कि वन मंडल में जिनकी सेवा अवधि 10 साल पूरे हो चुके हैं। उसे नियमितीकरण किया जाए। इसके अलावा कार्यभारित आकस्मिकता निधि सेवा नियम लागू किए जाने सहित 9 सूत्रीय मांग शामिल है
।

