Khabar Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के निजी स्कूल में सरस्वती पूजा विवाद, बजरंग सेना का विरोध, एसडीएम से शिकायत

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में सरस्वती पूजा को लेकर एक विवाद सामने आया है. पढ़िए पूरी रिपोर्ट

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: पूरे देश में बसंत पंचमी का त्यौहार मनाया जा रहा है. स्कूल कॉलेजों में विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना हो रही है. इस दौरान छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर के एक निजी स्कूल से सरस्वती पूजा नहीं मनाए जाने के मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है. चिरमिरी स्थित एक निजी स्कूल में सरस्वती पूजा नहीं किए जाने का आरोप लगा है, जिसके बाद हिंदूवादी संगठन श्री बजरंग सेना ने विरोध जताते हुए एसडीएम कार्यालय में लिखित आपत्ति दर्ज कराई है.

निजी स्कूल में नहीं की गई सरस्वती पूजा
जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती की पूजा नहीं की गई, जिसकी सूचना मिलते ही श्री बजरंग सेना के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रशासन से आपत्ति जताई. बजरंग सेना का आरोप है कि जब देशभर के शैक्षणिक संस्थानों में सरस्वती पूजा परंपरा के अनुसार होती है, तब इस स्कूल द्वारा पूजा न कराना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अपमान है.

एमसीबी के एसडीएम से की गई शिकायत
स्कूल परिसर में बजरंग सेना के पदाधिकारियों और शिक्षकों के बीच इस विषय को लेकर तीखी बहस भी हुई. इतना ही नहीं, विद्यालय में पढ़ने वाले कुछ छात्रों ने भी यह स्वीकार किया कि स्कूल में सरस्वती पूजा का आयोजन नहीं किया गया. मामले को गंभीर मानते हुए बजरंग सेना के पदाधिकारियों ने चिरमिरी एसडीएम कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.

सरस्वती पूजा हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है. जब देश के हर स्कूल में पूजा हो रही है, तो यहां क्यों नहीं? यह सीधा-सीधा हिंदू भावनाओं पर चोट है. हम इसकी शिकायत प्रशासन से कर चुके हैं और उचित कार्रवाई की मांग करते हैं- विजय साहू, संभागीय अध्यक्ष, श्री बजरंग सेना, छत्तीसगढ़

यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बच्चों को पढ़ाने वाला संस्थान ही संस्कृति से दूर जा रहा है. सरस्वती पूजा केवल धार्मिक नहीं बल्कि शैक्षणिक परंपरा भी है. प्रशासन को ऐसे स्कूलों पर संज्ञान लेना चाहिए- भारती सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, महिला विंग, श्री बजरंग सेना छत्तीसगढ़

हमारे स्कूल में आज सरस्वती पूजा नहीं हुई. बाकी स्कूलों में पूजा हो रही थी, लेकिन यहां नहीं कराई गई- छात्र
जांच में जुटा चिरमिरी जिला प्रशासन
स्कूल में सरस्वती पूजा नहीं मनाने का यह मुद्दा अब गरम हो गया है. एमसीबी जिला प्रशासन से इस बात की शिकायत की गई है. अब देखना होगा कि चिरमिरी प्रशासन इस पूरे प्रकरण पर क्या रुख अपनाता है और स्कूल प्रबंधन से क्या जवाब तलब किया जाता है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh