Khabar Chhattisgarh

खरसिया के युवक ने बना दी जुगाड से इलेक्ट्रिक गाड़ी, युवक की लोग कर रहे जमकर तारीफ, जानिए 3 पहिए वाली इस गाड़ी की क्या है खासियत......

कबाड़ से बना दी इलेक्ट्रिक गाड़ी! चपले गांव के युवक हरिओम का अनोखा आविष्कार बना चर्चा का विषय — जानिए कैसे बिना डिग्री तैयार कर दी तीन पहियों की ई-गाड़ी, देखिए विडियो
खरसिया/चपले, 16 फरवरी 2026। खरसिया के ग्राम चपले के युवक हरिओम पटैल ने अपनी मेहनत, लगन और तकनीकी सोच से ऐसा नवाचार कर दिखाया है, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। सीमित संसाधनों और घरेलू उपकरणों की मदद से हरिओम पटैल ने तीन पहियों वाली बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक गाड़ी तैयार कर ली है, जो पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल है और बिना पेट्रोल-डीजल के संचालित होती है।

ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े हरिओम पटैल ने बिना किसी बड़ी तकनीकी डिग्री या महंगे उपकरणों के अपने हुनर को साबित किया है। उन्होंने कबाड़ और आसपास उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर यह इलेक्ट्रिक गाड़ी बनाई, जिससे उनकी जुगाड़ तकनीक और नवाचार की सोच साफ झलकती है। हरिओम पटैल द्वारा बनाई गई यह इलेक्ट्रिक गाड़ी कम लागत में चलने वाली है और गांव व आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए एक सस्ता तथा उपयोगी परिवहन साधन बन सकती है।


हरिओम पटैल का कहना है कि उनका उद्देश्य ऐसा साधन तैयार करना था, जिससे आम लोगों को महंगे ईंधन पर निर्भर न रहना पड़े और पर्यावरण को भी नुकसान न पहुंचे। उनकी इस इलेक्ट्रिक गाड़ी को देखने के लिए आसपास के गांवों से लोग पहुंच रहे हैं और हर कोई उनके प्रयास की सराहना कर रहा है।

ग्रामीणों का मानना है कि हरिओम पटैल जैसे युवाओं को यदि सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिले, तो वे बड़े स्तर पर भी ऐसे नवाचार कर सकते हैं। हरिओम पटैल की बनाई यह इलेक्ट्रिक गाड़ी न केवल उनके आत्मविश्वास का प्रतीक है, बल्कि यह साबित करती है कि गांव का युवा भी तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस प्रतिभा को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगा, ताकि हरिओम की यह इलेक्ट्रिक गाड़ी भविष्य में और बेहतर रूप में सामने आ सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh