Khabar Chhattisgarh

धान किसानों को अंतर की राशि, होली से पहले होगा 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान

छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार धान किसानों को होली से पहले अंतर की राशि का भुगतान करेगी. 10 हजार करोड़ से ज्यादा का भुगतान होगा.


रायपुर: सीएम विष्णुदेव साय ने धान किसानों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. सीएम साय ने कहा कि धान किसानों को होली से पहले धान के अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा. इसके तहत 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि का भुगतान होगा. 28 फरवरी को बिलासपुर में राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम होगा. उसमें इस राशि का भुगतान किया जाएगा.

किसानों को सीएम ने धान से तौला

मुख्यमंत्री से आज उनके निवास कार्यालय में प्रदेश के किसानों ने सौजन्य मुलाकात की. इस मुलाकात में किसानों ने कृषक उन्नति योजना के माध्यम से धान के अंतर के भुगतान के फैसले का स्वागत किया है. किसानों ने 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित करने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया है. इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री को धान से तौलकर प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से अभिनंदन किया.

किसानों की उन्नति, राष्ट्र की प्रगति का आधार

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सदैव किसानों की चिंता करते हैं और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं. भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों की उन्नति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है.अटल जी के समय किसानों को सशक्त बनाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की गई है, जिससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध होने लगा.इससे पहले किसानों को महाजनों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था, जिससे वे आर्थिक शोषण का शिकार होते थे. अब किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी की सुविधा मिल रही है. प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंच रहा है. प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है.

राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है. किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है.जो देश में सर्वाधिक है. धान के अंतर की लगभग 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी. 28 फरवरी को बिलासपुर जिले से इस राशि का अंतरण किया जाएगा और पूरे प्रदेश के विकासखंडों में इसे उत्सव की तरह मनाया जाएगा- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़

सीएम साय ने कहा कि इस साल 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है. हमारी सरकार आगे भी किसानों के विकास के लिए कार्य करती रहेगी. सीएम हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए किसान मौजूद थे. सभी किसानों ने सीएम साय का आभार जताया. इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर भी मौजूद थे.



Post a Comment

Previous Post Next Post
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh