Khabar Chhattisgarh

ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी के करीबी भाजपा नेता चंद्रनाथ रथ की सरेआम हत्या

मध्यग्राम में गाड़ी रुकवाकर बरसाईं गोलियां; ड्राइवर गंभीर, इलाके में भारी तनाव

कोलकाता/मध्यग्राम: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भी चुनावी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार देर शाम उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में अज्ञात हमलावरों ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाने वाले चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी।वे उनके पी ए भी थे। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

बीच सड़क पर ओवरटेक कर की फायरिंग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से जा रहे थे, तभी एक संदिग्ध वाहन ने उनका पीछा करना शुरू किया। हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में उनकी कार को ओवरटेक कर बीच सड़क पर रुकवाया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से चंद्रनाथ के सिर और छाती पर घातक चोटें आईं। इस हमले में उनके ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

अस्पताल में तोड़ा दम

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना की पुष्टि करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और वे स्वयं पूर्वी मिदनापुर से कोलकाता के लिए रवाना हो गए हैं।

जांच में जुटी पुलिस, इलाके में नाकेबंदी

वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। हमलावरों की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जिले के सभी निकास द्वारों पर नाकेबंदी कर दी है। हालांकि, हमलावर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

भाजपा का टीएमसी पर सीधा हमला

हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत (207 सीटें) के बाद राज्य में यह बड़ी राजनीतिक हत्या है। भाजपा नेतृत्व ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनादेश से बौखलाई टीएमसी अब हिंसा का सहारा ले रही है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh