छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में भीषण गर्मी के चलते पंचायत तालाब का पानी अत्यधिक गर्म हो गया, जिससे ऑक्सीजन की कमी के कारण कई क्विंटल मछलियों की मौत हो गई. इलाके में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और कई तालाब सूखने की कगार पर हैं.
कोयलीबेड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी अब जनजीवन के साथ-साथ पर्यावरण और जलजीवों के लिए भी गंभीर संकट बन गई है। मंगलवार को इलाके का तापमान रिकॉर्ड 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरा क्षेत्र तपती भट्टी में तब्दील हो गया। तेज धूप, झुलसाने वाली हवाओं और उमस ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। इस भीषण गर्मी का सबसे भयावह असर अब स्थानीय जलस्रोतों में दिखाई दे रहा है, जहां अत्यधिक तापमान के कारण तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई है।