अंबिकापुर || शासकीय उचित मूल्य दुकान से जुड़ी खबर का कवरेज करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। आरोप है कि कवरेज के विवाद को लेकर पत्रकार आकाश जायसवाल पर एक ही रात में दो बार जानलेवा हमला किया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों पत्रकार आकाश जायसवाल शासकीय उचित मूल्य दुकान से जुड़ी खबर का कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी और आरोप है कि उसी रात पत्रकार पर दो बार जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद पत्रकार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी राहुल सिंह को अंबिकापुर के गाड़ाघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दूसरे आरोपी गोलू पंडित की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 351(3), 115(2), 126(2), 118(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल मामले में एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।