Khabar Chhattisgarh

सांसद राधेश्याम राठिया के प्रयासों से ग्राम कया–कमतरा सड़क को मिली स्वीकृति, ग्रामीणों ने जताया आभार

घरघोड़ा (रायगढ़)। दूरस्थ आदिवासी अंचल के लिए बहुप्रतीक्षित ग्राम कया से ग्राम कमतरा तक पक्की सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है। लोकसभा सांसद रायगढ़ श्री राधेश्याम राठिया के सक्रिय प्रयासों से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को स्वीकृति प्राप्त होने पर ग्रामीणों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार एवं जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान ग्राम कया में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सांसद श्री राठिया से भेंट कर उनका अभिनंदन किया। क्षेत्र के बीडीसी सदस्य, सरपंचगण तथा आम नागरिकों ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है, जिसकी स्वीकृति से विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम कया से कमतरा मार्ग के पक्कीकरण की मांग वर्षों से की जा रही थी। सड़क स्वीकृत होने से क्षेत्रवासियों को विश्वास मिला है कि निकट भविष्य में आवागमन की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। विशेष रूप से आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर सांसद श्री राठिया ने कहा कि रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनभावनाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

शिविर स्थल पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सांसद के प्रति आत्मीय प्रेम, स्नेह एवं विश्वास व्यक्त करते हुए उनके विकासोन्मुख प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा और क्षेत्र के लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

ग्राम कया से कमतरा सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे दूरस्थ आदिवासी अंचल के हजारों लोगों को भविष्य में लाभ मिलने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh
 Khabar Chhattisgarh