टेमटेमा, 20 जून। कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए स्काई एलॉयज एंड पावर लिमिटेड द्वारा कंपनी परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में ESIC की चिकित्सा टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान डॉ. चोगेंद्र सिंह (IMO), डॉ. विनोद दर्शन (IMO), श्री श्रीनाथ पुरी गोसाई (S/N), श्री नरेंद्र कुमार पाटले तथा श्री राकेश कुमार पैंकरा ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही कंपनी के ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर (OHC) के स्वास्थ्य कर्मियों ने चिकित्सा व्यवस्था के संचालन में सहयोग किया।
शिविर में 265 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप जांच तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का प्राथमिक मूल्यांकन किया गया। आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय सलाह देने के साथ कर्मचारियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री विकास अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों का बेहतर स्वास्थ्य किसी भी संस्थान की प्रगति और उत्पादकता का आधार होता है। उन्होंने कहा कि कंपनी कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य संवर्धन कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कंपनी प्रबंधन, ESIC चिकित्सा टीम एवं OHC स्टाफ के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कर्मचारियों ने इस पहल को स्वास्थ्य जागरूकता और संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।