रायगढ़ || रायगढ़ जिले में बीते एक सप्ताह से हाथियों की संख्या बढ़ गई है। भोजन की तलाश में हाथियों का दल गांवों की ओर पहुंच रहा है। बुधवार की रात हाथी जंगल से निकलकर खेतों तक पहुंचे और 22 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया। एक कच्चा मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
बुधवार रात जोबी परिसर होते हुए नंदगांव बस्ती के पास खेतों में हाथियों ने फसलें बर्बाद कीं। वन विभाग के अनुसार 6 किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। 7 हाथियों के दल में 3 मादा और 4 शावक शामिल हैं। ग्रामीण रात में ही हाथियों को भगाने पहुंचे। हाथी रातभर खेतों में रहे और सुबह जंगल की ओर लौट गए।
वन विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है। गुरुवार सुबह छाल रेंज के जंगल में 5 हाथी और खरसिया रेंज में 7 हाथियों का दल देखा गया। रायगढ़ जिले के दो वन मंडलों में कुल 175 हाथी मौजूद हैं। घरघोड़ा रेंज में 60, खरसिया में 7 और रायगढ़ रेंज में 33 हाथी हैं। धरमजयगढ़ वन मंडल के विभिन्न रेंज में 75 हाथी विचरण कर रहे हैं। यहां 17 जगहों पर नुकसान हुआ है। धरमजयगढ़ रेंज के प्रेमनगर में 6 किसानों, बाकारूमा में 5 किसानों की फसल और 1 कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। कापू रेंज के सकालो, इंदकालो और अलोला में 5 किसानों की फसल को हाथियों ने बर्बाद किया है।
घरघोड़ा 60 और रायगढ़ में 33 हाथी अलग-अलग दल में घूम रहे
फसल को लेकर बढ़ी चिंता किसानों के अनुसार अभी खेतों में फसलें उग रही हैं। वे पानी और उर्वरक का छिड़काव कर रहे हैं। हाथियों के लगातार हमलों से किसान डरे हुए हैं। मंगलवार रात 50 से अधिक किसानों की फसलें प्रभावित हुईं। क्रिन्धा, बताती, रूवांफूल, कसेरडूगरू में 10, सकालो, अलोला में 5, कटाईपाली, बोजिया में 5, साम्हरसिंघा में 3 किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं।