रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कौमी एकता की मिसाल देखने को मिली है। राजधानी रायपुर के कई मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया है। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज सबसे पहले राज्य वक्फ बोर्ड के कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके बाद अलग-अलग मस्जिदों में भी तिरंगा फहराया गया।
पहले राष्ट्रगीत फिर राष्ट्रगान
ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। वहीं, ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का गायन किया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने एक दूसरे को आजादी के जश्न की बधाई दी।
कई मस्जिदों में हुआ ध्वजारोहण
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने बड़ी ईदगाह में भी ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही शहर की कई मस्जिदों में ध्वजारोहण किया गया। डॉ सलीम राज ने राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर आपसी एकता, अमन, भाईचारा के साथ यह पर्व मनाने देश को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि आजादी हम सबसे किए है और अपनी आजादी का सम्मान करना चाहिए।
सलीम राज ने की थी अपील
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस से पहले मुस्लिम समाज से अपील की थी। उन्होंने प्रदेश की सभी मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में तिरंगा फहराने की अपील की थी। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने प्रेस रिलीज जारी कर सभी वक्फ संस्थाओं के पदाधिकारियों से 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति के साथ मनाने की बात कही थी।
- रायपुर की कई मस्जिदों में हुआ ध्वजारोहण
- राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने फहराया झंडा
- प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया गया जश्न
- सलीम राज ने की थी 15 अगस्त मनाने की अपील
कहा था इस्लाम भाईचारे का संदेश देता है
डॉ सलीम राज ने अपील करते हुए कहा था भारत सूफी-संतों की भूमि है, जहां विभिन्न जाति, धर्म, पंथ और समाज के लोग मिल-जुलकर रहते आए हैं। उन्होंने देश की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा था कि इस्लाम देश से प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।