Khabar Chhattisgarh

रायगढ़ में नालंदा परिसर के लिए तोड़े 4 मकान:सुबह 5 बजे जेसीबी लेकर पहुंचा निगम अमला, 1 दिन पहले ही दिया था नोटिस

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में केलो नदी तट के किनारे नालंदा परिसर बनाया जाना है। जिसका कैफेटेरिया क्षेत्र नया गंज पचरी घाट के पास बनना है। यहां पांच घरों को खाली करने का नोटिस छठ पूजा के दिन दिया गया, लेकिन सुबह 5 बजे ही SDM समेत निगम अमला और पुलिस फोर्स मकान खाली कराने पहुंच गई।

जहां 4 घरों को निगम अमले ने ढहा दिया गया और एक घर को अभी छोड़ा गया है।


बताया जा रहा है कि एक दिन पहले गुरुवार को तहसील कार्यालय से नया गंज देवांगन धर्माशाला के पीछे पचरी घाट में रहने वाले ताराबाई देवांगन, उमा बाई देवांगन, रामदीन देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन और दोहन देवांगन को नोटिस जारी किया गया।

नोटिस में 11 बजे से पहले मकान खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन सुबह 4 बजे से निगम अमला, अधिकारी और पुलिस के जवान यहां पहुंच गए। सभी मकान को खाली कराने के लिए दरवाजा खटखटाने लगे। इसके बाद सभी ने किसी तरह अपना सामान हटाया और सुबह करीब 5 बजे जेसीबी से मकान को ढहाना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि तारा बाई, उमा बाई, रामदीन और पुरुषोत्तम देवांगन के मकान को ढहा दिया गया और दोहन देवांगन के मकान को अभी छोड़ा गया है।

4 लोगों ने दी सहमति 1 कोर्ट की शरण में

नालंदा परिसर के कैफेटेरिया के लिए पूर्व में नगर निगम द्वारा पांच घरों में नोटिस भेजकर उन्हें मकान खाली करने कहा गया। जिसमें चार लोगों ने सहमति दे दी, लेकिन ताराबाई देवांगन हाईकोर्ट में स्टे के लिए आवेदन दिया है। बताया जा रहा है कि पहले 3 लोगों ने सहमति दी थी, लेकिन बाद में 1 और ने प्रशासन को मकान खाली करने के लिए सहमति दे दी थी।

छुट्टी के दिन आया था नोटिस

दोहन देवांगन के बेटे देवेन्द्र देवांगन ने बताया कि छठ पूजा पर छुट्टी के दिन नोटिस भेजा गया था और उसमें 11 बजे से पहले मकान खाली करने कहा गया था, लेकिन सुबह-सुबह आ गए। उन्होंने बताया कि दो नोटिस मिला था। पहले नगर निगम से नोटिस आया और शुक्रवार को तहसील कार्यालय से नोटिस दिया गया।

वार्ड क्र. 21 का टेंडर और मकान तोड़े वार्ड क्र. 20 में

वार्ड क्र. 20 के पार्षद प्रभात साहू का कहना है कि नालंदा परिसर बनाने के लिए वार्ड नंबर 21 का टेंडर हुआ है और वार्ड नंबर 20 में कैफेटेरिया के लिए मकान तोड़ा गया है। उनका कहना है कि पहले जहां नालंदा परिसर बनना हैं, वहां निर्माण शुरू करते बाद में इधर की कार्रवाई किया जाना था। इसके अलावा 11 बजे से पहले घर खाली करने कहा गया, लेकिन उससे पहले ही मकान तोड़ देना उचित नहीं है। तारा बाई ने न्यायालय में स्टे के लिए आवेदन भी लगाया है।

शांति व्यवस्था के लिए गया था

इस संबंध में एसडीएम प्रवीण तिवारी का कहना है कि नालंदा परिसर केलो नदी तट क्षेत्र में बनना है। शुक्रवार सुबह जो घर खाली कराने की कार्रवाई की गई। उसमें मैं शांति व्यवस्था बनाने के लिए मौजूद था। निगम से जानकारी मिल सकेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post
 Khabar Chhattisgarh