Khabar Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ से झारखंड के बीच हाई-स्पीड फोरलेन:पत्थलगांव से गुमला तक बनेगी नई सड़क; रायपुर, दुर्ग, कोरबा, बिलासपुर, बोकारो, धनबाद के बीच संपर्क बढ़ेगा


छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव से झारखंड के गुमला तक एक नई सड़क बनाई जाएगी। इससे रायपुर, दुर्ग, कोरबा, बिलासपुर, बोकारो और धनबाद के बीच संपर्क बढ़ेगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव में इस प्रोजेक्ट के मंजूरी की जानकारी दी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार जताया है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली में बताया कि देश के 8 नेशनल हाई स्पीड रोड कॉरिडोर को मंजूरी मिली है। इसमें रायपुर-रांची के बीच कॉरिडोर प्रोजेक्ट भी शामिल है। इसमें पत्थलगांव और गुमला के बीच 4-लेन सेक्शन अप्रूव हुआ है। ये 137 किलोमीटर की सड़क होगी और इसे तैयार करने में 4473 करोड़ का खर्च आएगा।

ये शहर आपस में जुड़ेंगे

विभागीय अफसरों ने बताया कि 4-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड पत्थलगांव-गुमला सेक्शन को हाईब्रिड एन्युटी मोड (HAM) में विकसित किया जाएगा। इससे गुमला, लोहरदगा, रायगढ़, कोरबा और धनबाद में खनन क्षेत्रों और रायपुर, दुर्ग, कोरबा, बिलासपुर, बोकारो और धनबाद के बीच संपर्क बढ़ेगा।

सीएम ने जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्थलगांव से गुमला तक हाई-स्पीड फोरलेन रोड की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है। उन्होंने कहा महत्वपूर्ण सड़क परियोजना दोनों राज्यों छत्तीसगढ़ और झारखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

रायपुर-रांची के बीच सफर होगा आसान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों के साथ जशपुर निवासियों को इस हाई-स्पीड फोरलेन रोड परियोजना की स्वीकृति की विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि पत्थलगांव से गुमला तक फोरलेन सड़क के निर्माण से रायपुर और रांची के मध्य यात्रा सुगम होगी। साथ ही यात्रा में समय की भी बचत होगी। सड़क परियोजना पूर्ण होने से दोनों राज्यों में विकास कार्यों की गति में भी तेजी आएगी।

8 प्रोजेक्ट को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय कैबिनेट में 50 हजार 655 करोड़ रुपए की लागत और लगभग 936 किलोमीटर लंबाई की आठ राष्ट्रीय हाई-स्पीड रोड परियोजनाओं की स्वीकृति दिए जाने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है। उन्होंने कहा है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आर्थिक उन्नति के साथ-साथ देश में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Khabar Chhattisgarh