रायगढ़, 14 अगस्त। रायगढ़ में आज 14 अगस्त को कलार समाज का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस अवसर पर भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन जी की प्रतिमा का अनावरण एवं उनके नाम पर सहस्रबाहु चौक का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इसके पश्चात पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वजातीय बंधुओं के सम्मान समारोह का आयोजन होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम के सामने स्थित भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन जी की प्रतिमा के अनावरण से होगी। इसके साथ ही सहस्रबाहु चौक का उद्घाटन किया जाएगा। इस आयोजन को कलार समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
मेधावी विद्यार्थियों से लेकर समाजसेवियों तक होगा सम्मान
प्रतिमा अनावरण के बाद पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा कलार समाज के होनहार बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। कार्यक्रम में समाज के सोशल मीडिया पर सक्रिय इंफ्लूएंसर एवं डिजिटल क्रिएटर्स को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इन अतिथियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
आयोजन में ओपी चौधरी, कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन; श्याम बिहारी जायसवाल, कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन; राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, राज्यसभा सांसद; राधेश्याम राठिया, सांसद; जीवर्धन चौहान, महापौर रायगढ़; विजयकुमार जायसवाल, प्रदेशाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कलार महासभा तथा श्रीमती सरोज दुष्यंत डनसेना, महाध्यक्षा, छत्तीसगढ़ कलार महासभा की गरिमामयी आतिथ्य में कार्यक्रम संपन्न होगा।
आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में समाज के स्वजातीय बंधुओं के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। प्रतिमा अनावरण, सहस्रबाहु चौक उद्घाटन, प्रतिभाओं का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ यह आयोजन समाज की एकजुटता और सामाजिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।



